ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) स्थित विधानसभा में एक मार्च से होने जा रहे बजट सत्र में प्रदेश सरकार करीब 57 हजार करोड़ रुपये का बजट रखेगी। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में बजट प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
राज्यपाल के अभिभाषण को भी मंजूरी
प्रदेश मंत्रिमंडल ने राज्यपाल के अभिभाषण को भी मंजूरी दे दी है। साथ ही इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को अधिकृत कर दिया है।
हर की पैड़ी से चंड़ीदेवी तक रोपवे को मंजूरी
तीर्थनगरी हरिद्वार में हर की पैड़ी से चंडीदेवी तक रोपवे का निर्माण होगा। मंत्रिमंडल ने पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में बनने वाले इस रोपवे के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इस पर 149 करोड़ की लागत आएगी।
पांच नगर पंचायत और एक नगर पालिका को मंजूरी
प्रदेश मंत्रिमंडल ने पांच ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत का दर्जा दे दिया। शहरी विकास विभाग के प्रस्ताव के तहत ईमलीखेड़ा, पाड़लीगुज्जर, रामपुर, ढंढैरा, नंगला को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा गरुड़ नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा देने के प्रस्ताव पर मुहर लगी।
- ऊर्जा निगम के तीनों निगमों में इंदु कुमार पांडेय समिति की रिपोर्ट के आधार पर होगी प्रबंध निदेशकों व निदेशकों का चयन एवं भर्ती प्रक्रिया।
- उत्तराखंड वन विकास निगम में सातवें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों को आवास किराया भत्ता मंजूर।
- चिकित्सा सेवा नियमावली में संशोधन।
- उत्तराखंड जल विद्युत निगम के वार्षिक प्रतिवेदन को मंजूरी, विधानसभा के पटल पर आएगा ।
- अधीनस्थ कार्यालय व्यक्तिगत सहायक संवर्गीय कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
- उत्तराखंड आपदा रिकवरी परियोजना के तहत चल रहे आर्बिट्रेशन के मामले लोनिवि को हस्तांतरित होंगे।
- सेवा के अधिकार के वार्षिक प्रतिवेदन को मंजूरी।
- उत्तराखंड अग्निशमन आपदा सेवा अधीनस्थ कर्मचारी अधिकारी सेवा नियमावली मंजूरी।