सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए वीरचंद्र सिंह गढ़वाली ऋण योजना का दायरा बढ़ा दिया है। इसके तहत योजना में 11 और गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसमें क्याकिंग, कैरा वैन, एंगलिंग, स्टार डेसिंग, लांड्री, बैकरी, म्यूजियम, क्रय-विक्रय केंद्र और ट्रैकिंग उपकरण शामिल हैं। इन सभी गतिविधियों को शुरू करने के लिए सरकार योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराएगी।
13 जिले 13 डेस्टिनेशन को हरी झंडी
प्रदेश मंत्रिमंडल ने 13 जनपदों में 13 डेस्टिनेशन बनाए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत 13 नए पर्यटन स्थलों का चयन किया गया है। इन्हें मसूरी और नैनीताल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। अल्मोड़ा में कटारमल, नैनीताल में मुक्तेश्वर, पौड़ी में सतपुली व खैरासैंण, चमोली में गैरसैंण, भराड़ीसैंण, देहरादून में महाभारत सर्किट के रूप में लाखामंडल, हरिद्वार में शक्तिपीठ थीम पार्क, उत्तरकाशी में हरकी दून व मोरी
टिहरी में टिहरी झील, रुद्रप्रयाग में चिरबिटिया, ऊधमसिंह नगर में गूलरभोज, चंपावत में देवीधुरा, बागेश्वर में गरुड़ वैली और पिथौरागढ़ में मोस्ट मानू को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर चिन्हित किया गया है। शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया कि चिन्हित पर्यटक स्थलों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए भूमि का लैंड यूज पर्यटन किया जाएगा। उन्हें टूरिस्ट हब के तौर पर अवस्थापना के संसाधन जुटाए जाएंगे।
कैबिनेट ने ये फैसले भी लिए
-पंडित दीनदयाल सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत गरीब और असहाय महिलाओं को एक प्रतिशत ब्याज पर एक लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा।
- एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण की गणना 1.5 प्रतिशत से ऊपर की होगी। (रोस्टर में पदों की संख्या 0.5 होने पर उसे पूर्ण माना जाएगा।)
-उत्तराखंड राज्य अधीनस्थ सेवा वयैक्तिक सहायक की पदोन्नति और सीधी भर्ती को मंजूरी।
-भारतीय चिकित्सा परिषद (उत्तराखंड) के ढांचे का पुनर्गठन कर आठ नए पदों का सृजन।
-मेंथा प्रजाति के उत्पादों पर मंडी शुल्क हटाया।
-रुद्रप्रयाग जनपद के बेला कोटेश्वर स्थित ज्योतिष पीठाश्वर जगतगुरू स्वामी माधवाश्रम के चिकित्सालय को राजकीय चिकित्सालय का दर्जा, समायोजित कर्मचारी।
कैबिनेट के मुख्य आकर्षण
-राज्य के इतिहास में यह पहला अवसर है जब झील के ऊपर बैठक हुई । सीएम और मंत्रियों ने लाइफ जैकेट पहनकर कैबिनेट में चर्चा की।
-कैबिनेट ने 42 वर्ग किमी क्षेत्रफल में फैली झील को विकसित करने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया।