इन निकायों का होगा सीमा विस्तार
रुद्रप्रयाग : नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग का सीमा विस्तार होगा। इसमें राजस्व ग्राम बर्सू, जयमंडी, डागसेरा, औण, कालापहाड़ और राजस्व ग्राम धवेली (उमरानारायण मंदिर से धवेली गदेरे तक) तथा राजस्व ग्राम जवाड़ी (केदारनाथ मुख्य मार्ग बाईपास पुल से जवाड़ी बाईपास पुल तक) को शामिल किया जाएगा।
कीर्तिनगर : नगर पंचायत कीर्तिनगर का सीमा विस्तार होगा। टिहरी गढ़वाल की सीमा से लगे ग्राम सभा घिल्डियाल गांव जाखड़ी के अंतर्गत राजस्व ग्राम मांडाकुटी सैंण के छूटे हुए 32 परिवारों और ग्रामसभा रामपुर के राजस्व ग्राम मोहननगर को नगर पंचायत कीर्तिनगर में शामिल किया जाएगा। इससे नगर पंचायत के सौंदर्यीकरण में बढ़ोतरी होने के साथ ही नगर की आय भी बढ़ेगी।
हरबर्टपुर : नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर का सीमा विस्तार होगा। इसमें आसपास के ग्रामीण या अर्द्ध शहरी इलाके भी शामिल किए जाएंगे। हरबर्टपुर की हजारों की आबादी को शहरी सुविधाओं स्ट्रीट लाइट, पक्की नाली, सीवर, संपर्क मार्ग आदि का लाभ मिलेगा। साथ ही नगर की आय भी बढ़ेगी।
नरेंद्रनगर : टिहरी गढ़वाल के नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर का भी सीमा विस्तार होगा। पर्यटन के लिहाज से यहां का काफी इलाका ऐसा है, जिसे अलग तरह से विकसित करने की जरूरत है। इस विस्तार से आसपास के कई क्षेत्र नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो जाएंगे और वहां विकास की बेहतर योजनाएं चल सकेंगी।