एक मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा में होने जा रहे बजट सत्र के दौरान सामाजिक दूरी का पालन कराने में बहुत ज्यादा मशक्कत नहीं करनी होगी। इस विधानसभा भवन में बड़ा सभा कक्ष होने की वजह से सदस्यों के बीच सामाजिक दूरी का पालन आसान हो सकेगा। सभा कक्ष की दीर्घाएं भी काफी बड़ी होने से वहां भी सामाजिक दूरी का पालन कराने में कठिनाई नहीं होगी।
विधानसभा सचिवालय को अभी तक देहरादून विधानसभा भवन में कराए गए सत्रों के दौरान सामाजिक दूरी का पालन कराने में भी बहुत ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। सभा कक्ष में सीमित स्थान होने के कारण विधानसभा सचिवालय को कुछ विधानसभा सदस्यों के लिए वर्चुअल व्यवस्था करनी पड़ी, लेकिन एक मार्च से भराड़ीसैंण विधानसभा में होने जा रहे बजट सत्र में कम से कम विधानसभा सचिवालय को इस मोर्चे पर कुछ राहत रहेगी। विधानसभा के कार्यकारी सचिव मुकेश कुमार सिंघल के मुताबिक, देहरादून की तुलना में भराड़ीसैंण की विधानसभा भवन का सभा कक्ष काफी बड़ा है। इसलिए वहां सामाजिक दूरी का पालन कराने में कठिनाई नहीं होगी।
जल्द तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे स्पीकर
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठकें करेंगे और दिशा-निर्देश जारी करेंगे। सदस्यों की
सूचनाओं को जुटाने का कार्य शुरू हो चुका है। भराड़ीसैंण में बिजली, पानी, सड़क व संचार से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को
पहले ही दिशा-निर्देश जारी हो चुके हैं।
अभी तक 250 प्रश्न पहुंचे
बजट सत्र की घोषणा के साथ ही विधानसभा सचिवालय के पास प्रश्न पहुंचने आरंभ हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा सचिवालय को अभी तक विधानसभा सदस्यों के करीब 250 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं।
एक मार्च को अभिभाषण, चार मार्च को बजट
बजट सत्र का आगाज एक मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। दो व चार मार्च को इस पर चर्चा होगी और तीन मार्च को ही इस पर धन्यवाद प्रस्ताव होगा। चार मार्च को मुख्यमंत्री 2021-22 का बजट सदन पटल पर पेश करेंगे। पांच मार्च को बजट प्रस्ताव पर चर्चा होगी। छह व सात मार्च को अवकाश रहेगा। आठ मार्च को चर्चा और मतदान होगा। नौ मार्च से विभागवार अनुदान मांगों का प्रस्तुतिकरण, चर्चा और मतदान होगा। 10 मार्च को विनियोग विधेयक आएगा और उसी दिन उसे पारित किया जाएगा।