उत्तराखंड में वाइब्रेंट विलेज के तहत चयनित गांवों तक बिजली पहुंचाने का काम शुरू होगा। वहीं भारत-चीन सीमा से सटे आईटीबीपी के 43 आउटपोस्ट भी रोशन होंगे।
सीमावर्ती आठ गांवों के 882 घरों में जल्द ही उजियारा होगा। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित इन गांवों में बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही भारत-चीन सीमा से सटे आईटीबीपी के 43 आउटपोस्ट भी रोशन होंगे।
यूपीसीएल ने केंद्र सरकार की बार्डर आउट पोस्ट योजना (बीओपी) और वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (वीवीपी) के अन्तर्गत भारत-चीन सीमा से सटे अत्यंत दुर्गम और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार की है। पिथौरागढ़, उत्तरकाशी व चमोली के भारत-चीन सीमा से सटे कुल 43 आईटीबीपी आउटपोस्ट व वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत चिह्नित कुल आठ सीमावर्ती गांव के 882 घरों तक ग्रिड आधारित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इन पहाड़ी इलाकों में मौसम की विषम परिस्थितियां और सीमित पहुंच होने बावजूद, यूपीसीएल क्षेत्रीय दलों की ओर से युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यह दोनों योजनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा एवं ग्रामीण सशक्तिकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
ये भी पढ़ें...बर्थडे बना यादगार: आसमान में उड़ान भर काव्या ने काटा 14वें जन्मदिन का केक, बेटी के सपने को मिला पिता का साथ