उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा तैयारी शुरू कर दी है। 2019 में 1313 परीक्षा केंद्रों पर करीब पौने तीन लाख छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली के तहत 49 नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 11 केंद्र हरिद्वार में बनाए गए हैं।
वहीं ऊधमसिंह नगर से सबसे अधिक और चंपावत जिले में सबसे कम छात्र इस बार बोर्ड परीक्षा देंगे। बुधवार को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा की राज्य स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक निदेशक आरके कुंवर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक का संचालन सचिव डॉ. नीता तिवारी ने किया। इस मौके पर अपर सचिव एनसी पाठक, संयुक्त सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सीपी रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
इस बार नौ परीक्षा केंद्र अधिक बने
1313 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल में एक लाख 49 हजार 737 विद्यार्थी और इंटरमीडिएट में एक लाख 24 हजार 183 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें जिला ऊधमसिंह नगर से सबसे ज्यादा 43 हजार 932 विद्यार्थी, जबकि चंपावत जिले से महज आठ हजार 482 छात्र ही परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र सबसे अधिक पौड़ी में 163, सबसे कम चंपावत में 40 बनाए गए हैं। प्रदेश में 233 संवेदनशील और 26 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए गए है। विगत वर्ष 2018 की तुलना में इस वर्ष नौ परीक्षा केंद्र अधिक है।