बुधवार सुबह ट्यूशन के लिए निकले एक छात्र को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। सिर के अलावा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
जांच में यह गाड़ी भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के पिता एवं पूर्व विधायक राजा नरेंद्र सिंह के नाम पंजीकृत पाई गई। हालांकि, हादसे के समय वे गाड़ी में मौजूद नहीं थे। लेकिन, विधायक से जुड़ा होने के चलते मामले ने तूल पकड़ लिया। देर रात हादसे का जिम्मेदार चालक कार लेकर नेहरू कालोनी थाने पहुंच गया।
नेहरू कालोनी के उन्नति विहार निवासी विक्रम सिंह नेगी का बेटा श्रीखंल नेगी (14) बुधवार सुबह सवा छह बजे रोजमर्रा की तरफ माता मंदिर रोड पर ट्यूशन पढ़ने गया था। ट्यूशन केंद्र के बाहर श्रीखंल साइकिल पर सड़क पार कर रहा था। इसी बीच तेजी से आई कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कार का नंबर यूके 07एई 0123 नोट कर लिया। पिता को सूचना देने के साथ घायल को सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे नाजुक हालत में मैक्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घायल श्रीखंल के पिता विक्रम सिंह ने दर्ज कराए मुकदमे में यही नंबर दर्ज कराया है। जांच में पता चला कि यह नंबर फॉरचुनर का है, जो खानपुर के भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी देवयानी के नाम है। पुलिस ने घटनास्थल के पास एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लिया है, जिसमें एक स्कार्पियो छात्र को टक्कर मारती दिख रही है।