विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के हर नैरेटिव पर भाजपा की नजर है। कोर कमेटी की बैठक में भी इस पर गंभीरता से चर्चा की गई। नए महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने विपक्ष के हर दांव पर नजर रखने पर जोर दिया है।
लगातार तीसरी जीत की राह में आने वाली हर बाधा से पार पाने के लिए भाजपा ने तैयारियां पुख्ता कर ली हैं। प्रभारी, सह-प्रभारी के साथ ही नए महामंत्री संगठन नियुक्त हो गए हैं। बूथ सशक्तीकरण पर खास जोर है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जोर भी इस बात पर है कि किसी भी स्तर पर चूक न हो। जो भी मुद्दे चल रहे हैं, उनका भविष्य में प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। भाजपा विपक्ष की हर चाल के हिसाब से अपनी रणनीति में भी बदलाव कर रही है।
देहरादून: चुनाव आयोग के विरोध में कांग्रेस का सचिवालय कूच, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
शुक्रवार को हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विपक्षी कांग्रेस किन मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है। क्या सरकार या भाजपा के खिलाफ कोई नैरेटिव चलाया जा रहा है। महामंत्री संगठन का भी इस बात पर जोर था कि विपक्ष के हर नैरेटिव का जवाब हो। संगठन या सरकार के स्तर से ये ध्यान रखा जाएगा कि प्रदेशभर में चल रहे हर छोटे-बड़े मुद्दे पर नजर रहे।
फ्रंटफुट पर खेलना है
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने ये भी रणनीति बनाई कि सभी मुद्दों पर सत्ताधारी भाजपा फ्रंटफुट पर रहे। विपक्ष लाख कोशिश के बाद भी बैकफुट पर ही खेले। इस बार की जीत में आने वाली हर चुनौती को लेकर संगठन के स्तर से रणनीति बनाई जा रही है। इसमें पिछले चुनाव में हारी हुई 23 विधानसभा सीटें भी शामिल हैं, जिन पर संगठन कई एंगल पर काम कर रहा है।