उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में उन उपलब्धियों को जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया, जिनके कारण दुनिया में भारत की नई छवि बनी है, जिसे भाजपा सम्मान और गौरव बढ़ाने से जोड़कर प्रचारित कर रही है। नड्डा ने सांगठनिक स्तर पर प्रत्येक बूथ को मजबूत करने के लिए पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता को जिम्मेदारी लेने को कहा। नए वोटर बनाने के अभियान को कामयाब बनाने के साथ ही उन्होंने चुनाव में वोटों का बड़े अंतर से जीतने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी को हर सीट पर पिछले चुनाव से अधिक वोट हासिल करना है।
निकाय चुनाव से माहौल बनाने की रणनीति
लोकसभा चुनाव की तैयारी के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस साल प्रस्तावित निकाय चुनाव में जुट जाने का भी आह्वान किया। सूत्रों के मुताबिक़ भाजपा निकाय चुनाव में जीत का परचम फहराने के मंसूबे पाले हुए है। ऐसा करके पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले अपने हक में माहौल बनाना चाहती है।