पौड़ी विकास खंड कोट के पीपलकोटी बिरसणी गांव के पास जंगल में घास लेने गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। इसमें दोनों घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी में भर्ती किया गया है। ग्रामीणों ने जंगल में पिंजरा लगाए जाने व घायलों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
घास लेने जंगल गई पांच महिलाओं पर भालू ने किया हमला, दो को एयर लिफ्ट कर एम्स भेजा
रविवार सुबह साढ़े आठ बजे बिरसणी गांव की पिंकी देवी व कुसुमलता देवी एक अन्य महिला के साथ घास लेने गांव के पास जंगल में गए थे, जहां घात लगाए भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में पिंकी देवी व कुसुमलता घायल हो गईं।
उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला चिकित्सालय पौड़ी में भर्ती किया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिलाओं की स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। पिंकी के हाथ में चोटें आई हैं, जबकि कुसुमलता के चेहरे व पैर जख्मी हुए हैं। जिला पंचायत सदस्य कठूड़ मुकेश बिष्ट ने बताया कि कोट ब्लाक में लगातार भालू के हमले हो रहे हैं।
वन विभाग को भालू के हमलों को देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही पिंजरे लगाने चाहिए। उन्होंने घायल महिलाओं को जल्द मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी अनिल भट्ट ने बताया कि घायल महिलाओं को जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा।