प्रदेश में बीएएमएस, बीएचएमएस दाखिलों के लिए आयोजित हुई उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल टेस्ट (यूपीएमटी) में रुड़की की अनुप्रिया ने प्रदेश में टॉप किया है। विकासनगर के पीयूष त्रिपाठी प्रदेश में दूसरे और कुरुक्षेत्र (हरियाणा) की रुचिका तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 474 युवाओं ने क्वालिफाई किया है।
यूएपीएमटी का आयोजन इसी महीने तीन सितंबर को हुआ था। परीक्षा में प्रदेशभर से 2987 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पहला प्रोविजनल रिजल्ट चार सितंबर को जारी होने के बाद नौ सितंबर को आंसर की जारी हुई थी। सोमवार को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने पूरा परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा में 76.50 प्रतिशत अंकों के साथ रुड़की की अनुप्रिया ने टॉप किया है।
इसके बाद विकासनगर के पीयूष त्रिपाठी 76 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कुरुक्षेत्र की रुचिका 74.50 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अनूप गक्खड़ ने बताया कि परीक्षा में टॉप-5 में शामिल अभ्यर्थियों में चार छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं। टॉप-10 में सात छात्राएं और तीन छात्र शामिल हैं।