निजी कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ आंदोलन कर रहे आयुष छात्र पुलिस की कार्रवाई के बाद रविवार को भड़क गए। उन्होंने एक ओर जहां उत्तराखंड सरकार का पुतला फूंका तो दूसरी ओर पवेलियन मैदान के सामने सड़क पर सांकेतिक जाम भी लगाया। छात्रों का कहना है कि वह हक के लिए आंदोलन कर रहे हैं लेकिन, सरकार उसे कुचलने का प्रयास कर रहे हैं।
उत्तराखंड आयुर्वेद विवि से संबद्ध निजी आयुष कॉलेजों के हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद बढ़ी फीस न लौटाने, बैक पेपर फॉर्म न भरने देने, कक्षाओं से बाहर करने के विरोध में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। पहले उन्होंने आयुर्वेद विवि में धरना दिया। उसके बाद से परेड ग्राउंड में धरना और अनशन कर रहे हैं।
शनिवार शाम मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जबरन उठाने का प्रयास किया। छात्रों ने मना किया तो पुलिस ने बल का प्रयोग किया, जिसमें कई छात्र चोटिल हुए। एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में छात्र रविवार को भड़क गए। उन्होंने पहले प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उसके बाद सड़क पर सांकेतिक जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर उन्हें वहां से हटा दिया। छात्रों ने चेतावनी दी अब वह आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
देशभर से समर्थन में जुटेंगे आयुष छात्र
आयुष कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब देशभर तक पहुंच गया है। आंदोलनकारी छात्रों ने बताया कि सोमवार को दिल्ली सहित कई राज्यों से छात्रों का प्रतिनिधिमंडल उनके समर्थन में दून पहुंच रहा है। सीसीआईएम के पदाधिकारियों के भी पहुंचने की संभावना है।