आवासीय सोसायटी में व्यावसायिक गतिविधियों की डीएम करेंगे जांच
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में आरोग्यम सोसायटी में होमस्टे बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की जिलाधिकारियों के माध्यम से जांच की जाएगी। विधायक फुरकान अहमद के सवाल पर पर्यटन मंत्री ने सदन में बताया कि आरोग्यम सोसायटी का हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से नक्शा पास है। इसके आधार पर पर्यटन एवं यात्रा व्यवसाय नियमावली के तहत सोसायटी में एस-1 व एस-2 ब्लॉक को पर्यटक आवासीय सुविधा के लिए होम स्टे में पंजीकरण किया गया। इस मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी हरिद्वार को निर्देशित किया जाएगा।
सदन में अपनों के सवालों में घिरे वन मंत्री
शीतकालीन सत्र के पहले दिन प्रश्न काल के दौरान सदन में अपनों के सवालों में वन मंत्री घिर गए। विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने अनुपूरक प्रश्न कर मंत्री से जवाब मांगा।
प्रश्न काल में कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत और निर्दलीय विधायक संजय डोभाल ने वन गुर्जरों का मामला सदन में उठाया। वन मंत्री सुबोध उनियाल विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने अनुपूरक प्रश्न किया कि परमिट पर वन गुर्जर रात को वनों में ठहर सकते हैं और क्या यह कानूनी रूप से वैध है। इस पर वन मंत्री ने कहा कि उनका प्रश्न मूल सवाल से अलग है।
इसके बाद भाजपा विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी बोली के संवर्धन का सवाल उठाया। इस पर मंत्री सुबोध उनियाल ने सदन को अवगत कराया कि उत्तराखंड लोक भाषा एवं बोली अकादमी की स्थापना की गई है। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने भी सवाल किया, स्थानीय बोलियों को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए सरकार क्या प्रयास कर रही है और सरकार ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। वहीं, विधायक मुन्ना चौहान ने उत्तराखंड की बोलियों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का सवाल उठाया।