ईद मिलन कार्यक्रम में शिरकत करने आए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन कयासों पर विराम लगा दिया कि विधानसभा अपने समय से पहले भंग कर चुनाव की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विरोधी दलों का दुष्प्रचार है। उन्होंने चर्चाओं को अफवाह करार देते हुए कहा कि सरकार मजबूती के साथ विकास कर रही है और कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पांच साल में ऐसा प्रदेश बना दिया जाएगा कि आने वाली कई पीढ़िया याद करेंगी।
मंडी समिति रुड़की की ओर से नगर पालिका परिसर में ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि प्रदेश के मुखिया हरीश रावत ने इस अवसर पर कहा कि ईद मीठा शब्द होने के नाते रिश्तों में मिठास घोलता है और उत्तराखंड गंगा जमुनी तहजीब का प्रतीक है।
उन्होंने कलियर शरीफ, चार धाम, हेमकुंड साहिब, अकबर और सम्राट अशोक का जिक्र करते हुए सभी धर्मो के लोगों को साधने का पूरा प्रयास किया। कहा कि ईद मिलन वास्तव में सभी जाति धर्मों का समागम है। पूरी दुनिया में अलग-अलग जाति, धर्म, बनावट, खानपान और संस्कृति जहां एक स्थान रहती है वो केवल हमारे देश में ही है। इसलिए आज दुनिया हमसे सीख रही है।
'ऐसा उत्तराखंड बनाऊंगा कि पीढ़ियां सुकून से जी पाएंगी'
हरीश रावत
- फोटो : pti
उन्होंने कहा कि जब हम बंटे तभी भारतमाता का रुतबा घटा लेकिन जब हमें एक हुए तो देश का दबदबा बढ़ता चला गया। कहा कि यदि तरक्की चाहिए तो एक होना ही पड़ेगा।
कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए रास्ते बेहतर कराए तो कुछ लोगों ने हिंदुओं को लुभाने का आरोप लगाया लेकिन रास्ते सुधरने से लोगों की इनकम में बेतहाशा इजाफा हुआ और प्रदेश में खुशहाली आई। उन्होंने कहा कि पांच साल में ऐसा उत्तराखंड बना दूंगा कि आने वाली कई पीढ़िया सुकून से साथ जी पाएंगी।
मेयर यशपाल राणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, मंडी समिति के अध्यक्ष प्रमोद जौहर, एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष हरपाल साथी आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए अपने विचार रखे। पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, प्रदेश सचिव विजय कुमार कश्यप, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि चौधरी, हज कमेटी के चैयरमेन राव शेर मौहम्मद, आदेश सैनी, राकेश गौड, आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अफजल मंगलौरी ने किया।
जो सबको साथ लेकर चले वही उम्मीदवार
आगामी विधानसभा चुनाव में रुड़की विधान सभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि जो सभी को साथ लेकर चलता हो वह प्रत्याशी बनाया जाएगा।
Published By: Vivek Singh