विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। सोमवार को डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने विधानसभा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए।
मंगलवार को होने वाले सत्र के लिए पुलिस लाइन में डीआईजी जोशी ने सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियाें को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया था। उन्हाेंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अपना आचरण संयमित रखें। किसी भी प्रकार की अनावश्यक टिप्पणी न करें।
विधानसभा के बाहर रूट ड्यूटी पर नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि विधानसभा तिराहे से डिफेंस कॉलोनी बैरियर तक रोड पर कोई भी वाहन खड़ा नहीं होना चाहिए।
यह भी ध्यान रखा जाए कि प्रदर्शन के दौरान कोई भी प्रदर्शनकारी बैरियर पार कर विधानसभा के निकट तक न पहुंचने पाए। इस दौरान एसपी सिटी श्वेता चौबे, एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल, एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद आर्य आदि मौजूद रहे।
यह पुलिस बल रहा तैनात
सत्र के दौरान एक सहायक पुलिस अधीक्षक, तीन अपर पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 14 प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष, 37 उपनिरीक्षक, चार महिला उपनिरीक्षक, 11 मुख्य आरक्षी, 144 आरक्षी व महिला आरक्षी, पीएसी की तीन कंपनी, टीयर गैस की तीन टीमें, फायर और क्यूआरटी की दो-दो टीम तैनात रहीं।
सामान्य स्थिति में व्यक्तिगत वाहनों को डायवर्ट नहीं किया, लेकिन व्यावसायिक वाहनों को लगातार डायवर्ट किया गया।
सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन के लिए प्लान
-प्रगति विहार, शास्त्रीनगर, बाईपास, डिफेंस कॉलोनी पर बैरियर लगाए।
-सभी भारी वाहनों को कारगी चौक व डोईवाला से दूधली रोड की ओर डायवर्ट किया।
-देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी व चमोली की तरफ जाने वाले वाहन ईसी रोड से नेहरू कॉलोनी, फव्वारा चौक से छह नंबर पुलिया से रायपुर थानो होते हुए अपने गंतव्य की ओर गए।
-धर्मपुर चौक से आईएसबीटी की ओर जाने वाले वाहन माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी से आईएसबीटी की ओर गए।
-मोहकमपुर की ओर से मसूरी जाने वाले वाहन जोगीवाला से रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क होते हुए मसूरी मार्ग की ओर गए।
-मोहकमपुर की ओर से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहन जोगीवाला से छह नंबर पुलिया, नेहरू कॉलोनी, आराघर, ईसी रोड होते हुए देहरादून आए।
-जुलूस के बन्नू स्कूल से प्रगति विहार बैरियर की ओर प्रस्थान करने पर रिस्पना से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहनों को हरिद्वार बाईपास से पुरानी बाईपास चौकी की ओर भेजा गया।
-प्रत्येक संभावित जुलूस (अनुमति प्राप्त) केवल बन्नू स्कूल से चलेंगे और इनके वाहन भी बन्नू स्कूल में पार्क किए।
-डोईवाला से देहरादून की ओर आने वाली सिटी बसें, जोगीवाला से डायवर्ट की गईं जिन्होंने कैलाश अस्पताल से यूटर्न लिया।
-डिफेंस कॉलोनी जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को नेहरू कॉलोनी थाना कट से पुरानी चौकी बाई पास की ओर डायवर्ट किया गया।
-आईएसबीटी से ऋषिकेश व हरिद्वार की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहन, परिवहन निगम की बसें कारगी से दूधली होते हुए भेजी गईं।