17 नवंबर से होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सत्र के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए बताया कि भराड़ीसैंण में सीएम और विधायक आवासों का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 60 लाख की लागत से बनी पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। विधानसभा परिसर को वाई-फाई जोन और सैटेलाइट सेवाएं भी एक्टिव कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए विधानसभा परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
डीएम विनोद कुमार सुमन ने बताया कि कानून और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्र को दो सेक्टर और दस जोन में बांटा गया है। दीवालीखाल-भराड़ीसैंण मार्ग से आने-जाने वाले लोगों पर पुलिस की नजर रहेगी। राजमार्ग पर दोनों ओर बैरिकेट लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आंदोलन व प्रदर्शन करने वाले संगठनों को दीवालीखाल के मुख्य बैरीकेट पर ही रोक दिया जाएगा।
मालसी और मेडलचौरी में अस्थायी जेल भी तैयार की गई है। सुरक्षा के तहत 500 से अधिक पुलिस कर्मी यहां तैनात रहेंगे। सत्र के दौरान विद्यालयों में अवकाश रहेगा। बैठक में एसडीएम गैरसैंण स्मृता परमार, श्रीनगर महाप्रबंधक पर्यटन, परियोजना निदेशक चमोली, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, जलसंस्थान, प्रबंधक जीएमवीएन सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।