जसपुर विधायक आदेश चौहान ने पूछा कि जसपुर में तेजी से भू जल स्तर गिर रहा है। कई नलकूप फेल हो रहे हैं। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने स्वीकार किया कि कई नलकूपों में गर्मियों में पानी कम हो जाता है। बरसात में जल स्तर बढ़ जाता है।
महाराज ने कहा कि कुमाऊं में जमरानी बांध बन जाने पर इस समस्या का समाधान होगा। कालाढुंगी विधायक बंशीधर भगत और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने क्षतिग्रस्त नहरों का मुद्दा उठाया। महाराज ने कहा कि इन नहरों के लिए धन आवंटन पर विचार किया जाएगा।
छात्रवृत्ति के भौतिक सत्यापन में कर्मियों की कमी
सत्ता पक्ष के टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने पूछा कि छात्रवृत्ति को छात्रों में हस्तांतरित करने की व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आईटी का उपयोग होगा। समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि भौतिक सत्यापन के लिए विभाग के पास कर्मियों की कमी है, अधियाचन भेजा जा चुका है। छात्रवृत्ति बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। कुछ मामलों में अड़चन सामने आई है।
बाढ़ से प्रभावितों को मुआवजा देने पर विचार
सत्ता पक्ष के हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने पूछा कि गंगा और सहायक नदियों के कारण हो रहे भू कटाव से प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि संसाधन की उपलब्धता होगी तो मुआवजा देने पर विचार किया जा सकता है।
नशे का बढ़ता कारोबार, विभागों में तालमेल की कमी
कांग्रेस के चकराता विधायक प्रीतम सिंह के सवाल के जवाब में समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने स्वीकार किया कि प्रदेश में नशावृत्ति में लगातार इजाफा हो रहा है। मुन्ना सिंह चौहान ने पूछा कि अंतर्राज्यीय सीमाओं पर नशे के कारोबारियों को रोकने के लिए विभिन्न विभागों में तालमेल है? सत्ता पक्ष के वरिष्ठ विधायक हरबंश कपूर ने भी कहा कि तालमेल के बिना रोकथाम नहीं हो पाएगी। चौहान के सवाल पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चकराता में सेना की इनर लाइन से कुछ क्षेत्रों को बाहर करने पर केंद्र से बात की जाएगी।
ठेकेदार के मामले में जांच होगी
सत्ता पक्ष के विधायक पूरन फर्तयाल ने सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज से पूछा कि लोक निर्माण विभाग के ब्लैक लिस्ट ठेकेदार को सिंचाई विभाग क्या ठेका देगा? महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग से सूचना मिली तो उक्त ठेकेदार को भी काली सूची में डाला जाएगा। फर्तयाल संतुष्ट नहीं हुए तो महाराज ने इस मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया।