कौशिक ने कहा कि अगले दो सप्ताह में पार्टी के सभी स्टार प्रचारक उत्तराखंड में होंगे और पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। कोविड गाइडलाइन की बंदिशों के अनुरूप उनकी सभाएं, बैठकें, जनसंपर्क और डोर टू डोर प्रचार कार्यक्रम होंगे। कौशिक से जब पूछा गया कि स्टार प्रचारकों की सूची कोई महिला नेता क्यों नहीं है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि पहले 40 स्टार प्रचारक बनाए जाने की छूट थी, लेकिन अब चुनाव आयोग ने इसे कम करके 30 कर दिया है। इसलिए कुछ प्रमुख नेताओं के नाम उसमें शामिल हो सके हैं।
कुएं से अमृत निकालकर लाऊंगा : हरीश रावत
प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की कमान संभाल रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सीट बदले जाने को लेकर भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं ने निशाना साधा तो उन्होंने भी सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। हरीश रावत ने कहा कि भाजपा नेता जिस कुएं की बात कर रहे हैं, वह उसी कुएं से लालकुआं के साथ उत्तराखंड के लिए अमृत निकालकर लाएंगे।
दरअसल, रामनगर से सीट बदलकर पूर्व सीएम हरीश रावत को चुनाव लड़ने के लिए नैनीताल जिले की लालकुआं सीट पर भेजे जाने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने कटाक्ष किया था। मदन कौशिक ने कहा कि जनता की चाहत, हरीश रावत, का नारा देने वालों को आज अपने ही ठुकरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत पहले राम के नगर में गए थे, लेकिन अब वह कुएं में चले गए हैं। वहीं विजय बहुगुणा का भी बयान सामने आया।
उन्होंने कहा कि हरीश रावत के लिए लालकुआं राजीनतिक रूप से मौत का कुआं साबित होगा। वह एक साथ दो जगह से हारकर न जाने कहां-कहां से खिसककर यहां आए हैं। यहां उनकी राजनीतिक रूप से अंतिम हार होगी। भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं के बयानों का सधे हुए अंदाज में जवाब देते हुए हरीश रावत ने कहा कि वह मंथन करके लालकुआं के साथ उत्तराखंड के लिए भी अमृत निकालकर लाएंगे। भाजपा नेताओं के इस तरह के बयान ही उन्हें ले डूबेंगे।