उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ में मनसूना-राऊंलेंक-बेडूला मोटर मार्ग पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 पीएचसी ऊखीमठ में भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद से बेडूला गांव में मातम पसरा हुआ है।
मंगलवार शाम लगभग साढ़े 4.30 बजे ऊखीमठ से बेडूला गांव के लिए पांच लोग बोलेरो में सवार हुए थे, लेकिन राऊंलेंक से कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में संदीप सिंह (29) स्व. प्रबल सिंह, निवासी गांव बेडूला की मौके पर ही मौत हो गई। संदीप के घर में उसकी बेटी का जन्मदिन मनाने की तैयारी चल रही थी। वह ऊखीमठ से सामान लेकर घर जा रहा था।
वहीं दुर्घटना में धनवीर (28) पुत्र मोहन सिंह, प्रदीप सिंह (30) पुत्र इंद्र सिंह, प्रेम सिंह पुत्र (30) राम सिंह, निवासी गांव बेडूला और चालक प्रबल सिंह (37) पुत्र राम सिंह, निवासी जग्गी-बग्वान घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष मुकेश थलेड़ी, राजस्व निरीक्षक जयकृत रावत व राजस्व उप निरीक्षक दीवाकर डिमरी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर सड़क में लाया गया।
इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी ऊखीमठ में भर्ती किया गया। यहां प्राथमिक उपचार कर सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। ऊखीमठ पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डा. रेणु शाह ने बताया कि घायलों के सिर, पैर व पीठ पर चोट लगी है, जिसे देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। वहीं, थानाध्यक्ष थलेड़ी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जाएगा। घटना के बाद से मृतक के घर, परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है।