सीधे जनता से लेता हूं फीडबैक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सभी अधिकारी अच्छा काम करते हैं। इसका फीडबैक वह सीधे जनता से लेते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से आदत बनाई है कि जिलों में भ्रमण के दौरान सुबह 6 से 8 बजे तक लोगों से बात कर फीडबैक लेता हूं और इस दौरान सबके बारे में पता चलता रहता है।
बागवानी में हिमाचल से बेहतर कैसे करें, इस पर ध्यान दें
सीएम ने कहा कि राज्य की जीडीपी में जिन जिलों का योगदान कम है, उनके लिए योजनाएं बनाई जानी चाहिए। वर्तमान में केंद्र सरकार, नीति आयोग आदि सभी उत्तराखंड का सहयोग करने को तैयार हैं। हिमाचल और हमारी जलवायु बहुत मिलती जुलती है। हमें यह मंथन करना होगा कि कैसे हिमाचल बागवानी के क्षेत्र में हमसे बेहतर कर रहा है। हमारी स्थिति हिमाचल से बेहतर है और हम बागवानी को कैसे बढ़ाएं।
काम किसी के भी समय का, जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में देहरादून और आसपास के इलाके पहले से कहीं ज्यादा बसावट वाले हो जाएंगे। हमें इसके अनुरूप सुविधाओं को विकसित करना होगा। स्मार्ट सिटी को लेकर शिकायतों को दूर करना होगा। वर्ष 2025 तक केवल श्रेष्ठ राज्य की बात कहकर कुछ नहीं होने वाला, बल्कि इसे हमको करके दिखाना है।
नई टाउनशिप बनेंगी, निकायों की आय भी बढ़ाई जाएगीर: अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
प्रदेश के शहरों पर बढ़ते आबादी के बोझ को कम करने के लिए नई टाउनशिप विकसित की जा रही हैं तो दूसरी ओर निकायों की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मसूरी के एलबीएस एकेडमी में चल रहे सशक्त उत्तराखंड@25 चिंतन शिविर के दूसरे सत्र में अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने यह बात कही।
अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शहरी विकास पर विचार रखे। उन्होंने भविष्य की आवश्यकता के तहत न्यू टाउनशिप विकसित करने और अफोर्डेबल हाउसिंग पर जानकारी दी। इस पर अधिकारियों ने अपने सुझाव भी दिए। शहरी विकास विभाग के निदेशक नवनीत पांडे ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और नगर निगम, निकायों का राजस्व बढ़ाने पर अपना प्रस्तुतिकरण दिया। सचिव सूचना एवं प्रौद्योगिकी शैलेश बगोली ने तकनीक युक्त सर्विस डिलिवरी पर कहा कि हमारा प्रयास जनसामान्य के लिए चीजों को आसान करने पर है। उन्होंने कहा कि इस काम में आईटीडीए की अहम भूमिका है।