प्रदेश में 104 वन आरक्षियों को प्रमोशन के रूप में नए साल का तोहफा मिला है। सोमवार को वन मुख्यालय की ओर से इनके वन आरक्षी से वन दरोगा के पद पर प्रमोशन का आदेश जारी कर दिया गया है।
मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक मनोज चंद्रन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कार्मिक वर्तमान में तैनात वन प्रभागों में ही अपना योगदान देना सुनिश्चित करें।
वन मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सोमवार को प्रमोशन समिति की दूसरी बैठक में की गई सिफारिश के आधार पर प्रमोशन किया जाता है। वन आरक्षी वेतनमान वेतन मैट्रिक्स लेवल तीन के कार्मिकों की वन दरोगा के मैट्रिक्स लेवल पांच में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रमोशन किया जाता है।
जिन वन आरक्षियों के प्रमोशन किए गए हैं। उसमें बदरीनाथ वन प्रभाग, भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी, बागेश्वर वन प्रभाग, केदारनाथ वन्य जीव विहार गोपेश्वर, अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग गोपेश्वर, टिहरी डैम वन प्रभाग प्रथम नई टिहरी एवं रुद्रप्रयाग वन प्रभाग आदि वन प्रभागों के वन आरक्षी शामिल हैं।