हथियारी के समीप यमुना नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते पुलिस और एसडीआरएफ के जवान।
- फोटो : VIKAS NAGAR
बाड़वाला-जुड्डो संपर्क मार्ग पर हथियारी के पास सोमवार को हुआ हादसा युटिलिटी की बेलगाम रफ्तार की वजह से बताया जा रहा है। एसएसपी अरुण मोहन जोशी के निर्देश पर जांच करने गई पुलिस अधिकारियों की टीम ने अपनी रिपोर्ट में हादसे का यही कारण बताया है। मोड़ पर पैराफिट बनवाने के साथ साइन बोर्ड और रिफलेक्टर लगाने का सुझाव भी दिया गया है। इस हादसे में अभी तक चार लोगाें की मौत हो चुकी है, जबकि दो लापता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी ने हादसे का संज्ञान लेकर मंगलवार को एसपी देहात प्रमेन्द्र डोभाल, एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद आर्य और सीओ ट्रैफिक राकेश देवली को घटनास्थल पर भेजा था, ताकि हादसे का कारण साफ हो सके। पुलिस अधिकारी अपने साथ परिवहन विभाग की टीम भी ले गए थे। टीम ने अवलोकन करने के बाद देर शाम अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। दुर्घटना के समय युटिलिटी तेज रफ्तार में थी। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और युटिलिटी सड़क से नीचे यमुना नदी में जा गिरी। मोड़ के पास किसी तरह का चेतावनी बोर्ड भी नहीं है। सुझाव दिया गया है कि घटनास्थल पर नदी किनारे पैराफिट बनाने के साथ चेतावनी बोर्ड लगाना जरूरी है।
एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को जल्द से जल्द साइन बोर्ड और रात के लिहाज से रिफलेक्टर लगाने को कहा है, ताकि भविष्य में इसकी पुनर्रावृत्ति ना हो। लोक निर्माण विभाग को पैराफिट बनाने को लिखा जा रहा है। वहीं, परिवहन कर अधिकारी रत्नाकर सिंह ने बताया कि पूर्व में उक्त जगह पर कोई भी हादसा नहीं हुआ है। चालक के पास लाइसेंस है या नहीं इस बात की भी जांच की जा रही है।