दरगाह साबिर पाक के विश्व प्रसिद्ध सालाना उर्स मेले पर कोरोना संक्रमण के चलते संकट मंडराने लगा है। मौजूदा परिस्थितियों में भीड़भाड़ वाला कोई आयोजन संभव नहीं है जबकि उर्स मेले में देश-विदेश से भी भारी संख्या में जायरीन जियारत करने पिरान कलियर पहुंचते हैं। ऐसे में बीच का रास्ता निकालकर बाहरी जायरीनों को ऑनलाइन जियारत कराई जा सकती है।
पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स पर बड़े मेले का आयोजन होता है। हर साल उर्स की रस्मों को अदा करने के लिए देश विदेश से लाखों जायरीन पहुंचते हैं, लेकिन इस बार कोरोना महामारी के चलते उर्स मेले के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जिस तरह से हालात हैं, उसे देखते हुए अधिकारी भी फिलहाल यह साफ-साफ नहीं कह पा रहे हैं कि उर्स मेले का आयोजन होगा या नहीं।
इस बार सालाना उर्स अक्तूबर के आखिर में है। हर वर्ष मेले की व्यवस्थाएं एक महीने पहले ही शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस बार कोई सुगबुगाहट भी नहीं दिख रही है। करोड़ों के ठेकों को लेकर भी कोई निर्णय नहीं हो पाया है।