फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुड़की: चांद के दीदार के साथ होगा उर्स का आगाज, पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा मेला क्षेत्र

Fri, 16 Oct 2020 10:48 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुड़की

सार

  • रबीउल अव्वल का चांद दिखाई देने के बाद अदा होगी मेहंदी डोरी की रस्म 
विज्ञापन
पिरान कलियर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक के सज्जादा नशीन परिवार के सदस्य शाह खालिक मियां का कहना है कि रबीउल अव्वल का चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ साबिर पाक के 752वें सालाना उर्स का आगाज होगा।

विज्ञापन


शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में शाह खालिक मियां ने बताया कि हजरत साबिर पाक के सालाना उर्स की रस्म मेहंदी डोरी की शुरुआत शाह अब्दुल रहीम साबरी कुद्दूसी के जमाने से चली आ रही है। आज भी यह रस्म दरगाह साबिर पाक के सज्जादा नशीन शाह मंसूर एजाज साबरी कुद्दूसी अदा करते हैं। मेहंदी डोरी रस्म के तहत रबीउल अव्वल का चांद दिखाई देने पर ईशा की नमाज के बाद सज्जादा नशीन शाह मंसूर एजाज साबरी जायरीनों, सूफी संतों और बस्ती के लोगों के साथ नंगे पांव अपने कदीमी (पुराने) घर रवाना होते हैं।


यह शाह नन्हे मियां साबरी कुद्दूसी मरहूम के घर के नाम से जाना जाता है। मेहंदी डोरी की रस्म से पहले फातिहा ख्वानी की जाती है। मेहंदी डोरी और अन्य सामग्री का इंतजाम सज्जादा नशीन के चचेरे भाई साहिबजादा शाह खालिक मियां साबरी की ओर से किया जाता है। उन्होंने बताया कि मेहंदी, उबटन कुंवारी लड़कियां तैयार करती हैं।
विज्ञापन


सज्जादा नशीन शाह मंसूर एजाज साबरी, शाह खालिक मियां के घर से ये सामग्री लेकर सूफियाना कलाम पढ़ते हुए दरगाह साबिर पाक के लिए रवाना होते हैं। दरगाह साबिर पाक में मेहंदी डोरी संदल पेश करते हैं। संदल मेहंदी साबिर पाक के आस्ताने पर पैश करने के बाद रस्म में मौजूद हजारों जायरीनों को सज्जादा नशीन प्रसाद के तौर मेहंदी डोरी वितरित करते हैं।

विज्ञापन

पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा उर्स मेला क्षेत्र

साबिर पाक के सालाना उर्स में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह को मेला प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, पूरे मेला क्षेत्र को पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है।

चांद दिखने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ दरगाह साबिर पाक के 752वें सालाना उर्स की शुरुआत हो जाएगी। इसी कड़ी में पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोविड-19 के चलते इस बार पुलिस-प्रशासन के सामने सुरक्षा और स्वास्थ्य की बड़ी चुनौती होगी।

इस बार एक साथ 200 लोगों को ही दरगाह के अंदर जाने की अनुमति है ताकि परिसर में ज्यादा भीड़ न लगे। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी मेला क्षेत्र को पांच जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है।

डॉग स्क्वॉयड, बम निरोधक दस्ता और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एक स्पेशल टीम तैनात रहेगी। संदिग्धों पर नजर रखने का लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मेला क्षेत्र में एक ट्रैफिक जोन बनाया गया है। इसके आगे किसी भी वाहन कोें प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

जेएम ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
साबिर पाक के 752वें सालाना उर्स में झंडे की रस्म को सकुशल संपन्न कराने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही थानाध्यक्ष और दरगाह प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब सज्जादा नशीन शाह अली एजाज साबरी से झंडे और मेहंदी डोरी की रस्म अदायगी की जानकारी ली। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें