सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक फाइनेंस कंपनी में जमा कराई गई रकम को वापस मांगने को लेकर ग्राहकों ने कंपनी के एक अधिकारी के घर के बाहर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार बैरागीवाला गांव में एक फाइनेंस कंपनी के अधिकारी का घर है। रविवार को बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर पहुंचे। वे कंपनी में जमा कराई गई रकम को गबन करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन न तो उनकी मूल रकम दे रहा है और न ही ब्याज वापस कर रहा है।
हंगामा बढ़ता देख वहां मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष नरेंद्र गहलावत ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।