देहरादून जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कोविड-19 वैक्सीन को लेकर अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर कोरोना फ्रंट वॉरियर्स का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। डीएन ने कहा कि बुधवार तक हरहाल में डाटाबेस तैयार हो जाए। इसके लिए समिति भी गठित की गई है।
कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मंगलवार को डीएम ने सरकारी व निजी क्षेत्र के कोरोना फ्रंट वॉरियर्स का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए। जिन्हें भारत सरकार द्वारा वैक्सीन लगाई जाएगी। डीएम ने समिति में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी बाल विकास विभाग, रेडक्रास, नगर निगम, नगर पालिका, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी तथा गैर सरकारी संस्थाएं (जो टीकाकरण कार्य करती हैं) टास्क फोर्स का सदस्य बनाया है।
डाटाबेस तैयार होने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी उसे ोविड-19 सीवीबीएमएस पर अपलोड करेंगे। डाटाबेस के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नोडल स्वास्थ्य इकाई होगी, जो ग्रास रूट पर कार्य करेगी। डाटाबेस जिला नोडल अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। डाटबेस एकत्र होने के बाद सेवा प्रदाता द्वारा प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी को बीट कांस्टेबल के जरिये थाना क्षेत्र के निजी एवं शासकीय चिकित्सालयों में कार्यरत कार्मिकों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। इस कड़ी में चिकित्सक, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी, जीएनएम, फार्मासिस्ट, लैब टेक्निशियन, वाहन चालक, लिपिक, सफाईकर्मियों, सुरक्षा कर्मिकों का डाटाबेस तैयार होगा। निजी क्षेत्र के अस्पतालों के स्वास्थ्य कार्मिकों का डाटा भी अपलोड होना है। इस दौरान सीडीओ नितिका खंडेलवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार डिमरी, डीएसओ डॉ. राजीव दीक्षित, सीओ सुधीर सुयाल, डीपीओ अवधेश कुमार, डीपीआरओ एम जफर खान आदि मौजूद रहे।