अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। यूपीसीएल प्रदेशभर में उपखंड स्तर पर विशिष्ट विद्युत सेवा शिविरों का आयोजन कर रहा है। इनका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सरल, त्वरित और पारदर्शी विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे सभी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकें।
यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि उपभोक्ता सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह पहल राज्य के हर क्षेत्र में लागू की जा रही है। जिससे विद्युत सेवाओं से संबंधित शिकायतों, सुझावों, तकनीकी समस्याओं और आवश्यकताओं का निस्तारण तत्काल संभव हो सके। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इन शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर उपभोक्ता शिकायतों के समाधान और शिविरों के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान दें। अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं मुख्य अभियंता भी शिविरों में पहुंचकर निरीक्षण करेंगे ताकि सेवाएं अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता-केंद्रित बन सकें।