- मुख्य अभियंता गढ़वाल एनएस बिष्ट ने पुलिस महानिरीक्षक को भेजा पत्र
-विकासनगर में मारपीट मामले में पुलिस से कार्रवाई का भी अनुरोध किया
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। वित्तीय वर्ष समापन नजदीक आने के साथ ही यूपीसीएल ने प्रदेशभर में बिजली बिल वसूली का अभियान तेज कर दिया है। इसके मद्देनजर खतरे को देखते हुए यूपीसीएल के मुख्य अभियंता वितरण गढ़वाल एनएस बिष्ट ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज को पत्र भेजकर पुलिस सहायता मांगी है।
अपने पत्र में बिष्ट ने विकासनगर में 17 जनवरी को राजस्व वसूली करने गई टीम के साथ कुरैशी मोहल्ला में हुई गाली-गलौज, हाथापाई व हमले की घटना में कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में विकासनगर थाने में प्राथमिक दर्ज हो चुकी है। उन्होंने ये भी कहा है कि जनवरी से मार्च अंत तक गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व वसूली अभियान चलाए जाने हैं। इस तरह की हमले की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए वसूली के दौरान उन्होंने संबंधित थाने को निर्देश देने का अनुरोध किया है ताकि मदद मांगने पर तत्काल पुलिस फोर्स उपलब्ध हो जाए।