मृतक जसपुर के ज्येष्ठ उप प्रमुख की पत्नी, गुस्साए लोगों ने हाईवे को किया जाम
पचास हजार रुपये के इनामी खनन माफिया की तलाश में कुंडा के ग्राम भरतपुर में दबिश देने आई यूपी के ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) की पुलिस और एसओजी टीम की ग्रामीणों से भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में जसपुर के ज्येष्ठ उपप्रमुख गुरताज सिंह भुल्लर की पत्नी गुरजीत कौर की मौत हो गई। संघर्ष में छह पुलिस कर्मी घायल हो गए। इनमें से दो को गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है। गोली कांड में निर्दोष महिला की मौत से लोगों का गुस्सा भड़क गया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने एनएच को पूरी तरह से बाधित कर दिया है।
यूपी पुलिस के 10-12 जवानों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
तनाव के मद्देनजर ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले की पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई है। गुस्साए लोगों की इस दौरान अफसरों से तीखी झड़प हुई। भुल्लर की तहरीर पर कुंडा पुलिस ने यूपी पुलिस के 10-12 जवानों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। ठाकुरद्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि 13 सितंबर को पुलिस दल पर हमला करने वाला एक इनामी खनन माफिया थाना डिलारी ग्राम कांकरखेड़ा निवासी जफर ग्राम भरतपुर में जसपुर के ज्येष्ठ उपप्रमुख गुरताज सिंह भुल्लर के यहां छिपा हुआ है। इस सूचना पर ठाकुरद्वारा कोतवाल योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम ने बुधवार की शाम भुल्लर के फार्म हाउस की घेराबंदी कर ली। सादे कपड़ों में अनजान लोगों को देखकर परिजनों ने उन्हें ललकारा।
ये भी पढ़ें...
कुंडा में बवाल: करवाचौथ पर सुहाग की लंबी उम्र की दुआ नहीं कर सकी गुरजीत, चार माह पहले ही दिया था बेटे को जन्म
ग्रामीणों ने पुलिस टीम को बंधक बनाया
मुरादाबाद के डीआईजी के अनुसार ग्रामीणों ने पुलिस टीम को बंधक बना लिया और फायरिंग की। गोली लगने से दो और संघर्ष में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार यूपी पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में ड्यूटी कर घर लौट रही गुरजीत कौर (28) पत्नी गुरताज सिंह को गोली लग गई। सूचना पर एसओ कुंडा दिनेश सिंह फर्त्याल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल महिला को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला की मौत की भनक लगते ही मुरादाबाद पुलिस के अधिकारी घायल पुलिस कर्मियों को अपने साथ ले गए। घटना से गुस्साए क्षेत्र के लोगों ने कुंडा थाने के सामने एनएच पर जाम लगा दिया। वह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कर उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर डीआईजी नीलेश आनंद भरणे के सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया।