उत्तराखंड सरकार के पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों पर कोविड को लेकर लगी बंदिशें हटाने से चारधाम यात्रा पर भी असर दिखने लगा है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के लिए पंजीकरण कराने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। देवस्थानम बोर्ड की ओर से प्रतिदिन एक हजार से ज्यादा ई-पास जारी किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और चारधाम यात्रा के लिए बाहर से आने वाले पर्यटकों पर अब किसी तरह की कोई बंदिशें नहीं है। इससे प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। चारधाम यात्रा में भी तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
अनलॉक-4 में एक सितंबर को जहां ई-पास की संख्या मात्र 146 थी। वहीं, अब एक दिन में 1100 से 1200 तक ई-पास जारी हो रहे हैं। एक जुलाई से लेकर अब तक देवस्थानम बोर्ड ने लगभग 63 हजार ई-पास जारी किए हैं।
देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन का कहना है कि चारधाम यात्रा के प्रति तीर्थ यात्रियों का उत्साह बढ़ रहा है। यात्रा का संचालन सुचारु हो रहा है। आने वाले समय में चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी। इससे पर्यटन कारोबार को भी फायदा होगा।