लॉकडाउन के बाद से बंद शताब्दी एक्सप्रेस आज हल्द्वानी के काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंची। शताब्दी 57 यात्रियों को लेकर हल्द्वानी पहुंची। रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस (05055/05056) का संचालन मंगलवार (आज) से प्रारंभ होगा। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को खासी सुविधा होगी।
प्रदेश में मार्च में लॉकडाउन के साथ ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। बाद में काठगोदाम रेलवे स्टेशन से नैनी-दून जन शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन प्रारंभ किया गया। अब अनलॉक में काठगोदाम से नई दिल्ली के लिए शताब्दी के संचालन को हरी झंडी दे दी गई।
यह ट्रेन अगले आदेश तक नियमित तौर पर संचालित होगी। इसी तरह रामनगर रेलवे स्टेशन से रामनगर-आगरा फोर्ट फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। इससे पूर्व रामनगर से रामनगर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन का संचालन प्रारंभ हो चुका है।