अनलॉक-5 में सिनेमाघरों को 15 अक्तूबर से खोलने के आदेश के बाद भी गुरुवार से कुमाऊं में कोई भी सिंगल स्क्रीन थियेटर अथवा मल्टीप्लेक्स नहीं खुलेगा। सिनेमाहॉल के प्रबंधक हाल न खोलने के पीछे वजह नई फिल्मों का रिलीज न होना, कोरोना संक्रमण का खतरा एवं कुछ तकनीकी दिक्कतें बता रहे हैं। दूसरी ओर, कुछ सिनेमाघरों ने दो दिन से लेकर एक हफ्ते के भीतर हाल खोलने के लिए हामी भरी है। काशीपुर का एसआरएस सिनेमा शुक्रवार से फिल्में प्रदर्शित करेगा।
हल्द्वानी के सिंगल स्क्रीन थियेटर प्रेम सिनेमा के मालिक निहार अग्रवाल ने कहा कि हमने तय किया है कि एक नवंबर से पहले हॉल नहीं खोलेंगे। एक हफ्ते के भीतर कोई नई फिल्म आती है और दर्शकों का रुख सकारात्मक होता है तो खोलने पर विचार किया जाएगा। वहीं, शहर के एकमात्र मल्टीप्लेक्स कार्निवाल सिनेमा का कहना है कि प्रोजेक्टर और कुछ तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा रहा है। दो से तीन दिन के भीतर थियेटर चालू कर दिए जाएंगे।
रामनगर के सेरा मिनीप्लेक्स की प्रबंधक सोना कहती हैं कि हम एक तारीख से ही सिनेमाहाल खोलेंगे। वहीं, काशीपुर एसआरएस सिनेमा के प्रबंधक दिनेश पाठक कहते हैं कि हम शुक्रवार से खोल देंगे। अभी केवल पुरानी फिल्में ही प्रदर्शित की जाएंगी। सनसिटी सिनेमा के प्रबंधक राजकुमार भी एक नवंबर से खोलने की बात कहते हैं।
रुद्रपुर स्थित वेव सिनेमा के प्रबंधक निशांत राणा कहते हैं कि कुछ काम बचे हैं। इनके निपटते ही इसी हफ्ते या दो दिन के अंदर सिनेमाहॉल खोल दिया जाएगा। वहीं, रुद्रपुर स्थित मूवीटाइम के नीलेश के अनुसार अभी खोलने पर कोई निर्णय नहीं हुआ है।
अल्मोड़ा स्थित हेरिटेज सिनेमा के प्रबंधक कुशल अग्रवाल बताते हैं कि हम फिलहाल एक नवंबर से पहले नहीं खोलेंगे। इधर, किच्छा के अनुपम और उर्वशी सिनेमा के कमल ने बताया कि वह भी अभी हॉल खोलने को लेकर राजी नहीं हैं। दर्शकों का रुझान देखकर निर्णय लिया जाएगा। अल्मोड़ा, रामनगर और नैनीताल के अन्य थियेटर भी फिलहाल अभी बंद रहेंगे।