देशभर में चल रही ट्रेनों में अब वातानुकूलित और स्लीपर क्लास की तर्ज पर सामान्य कोच के यात्रियों को भी सीटों का आवंटन किया जाएगा। ट्रेनों के सामान्य कोच में जितनी सीटें होंगी उतने ही यात्रियों को टिकट दिए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। पहले ट्रेनों में सामान्य कोच के लिए आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं थी। रेलवे की ओर से जनरल टिकट आवंटित करने की कोई सीमा भी नहीं तय की गई थी।
ऐसे में तमाम ट्रेनों के सामान्य कोच में सीटों को लेकर जबरदस्त मारामारी रहती थी। स्थिति यह थी कि 90 सीट वाले सामान्य कोच में करीब 200 यात्री बैठ जाते थे। अब जबकि कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है तो रेलवे ने भी इसमें बदलाव कर दिया है।
स्टेशन निदेशक गणेश चंद ठाकुर ने बताया कि अब देहरादून से संचालित होने वाली सभी ट्रेनों में जितने भी सामान्य कोच होंगे, उनमें सीटों के अनुसार ही टिकट काउंटर से यात्रियों को टिकट जारी किए जाएंगे।
टिकट पर यात्रियों को सीट आवंटित होगी। सीटों के अतिरिक्त ट्रेनों में किसी और को यात्रा की इजाजत नहीं होगी। नई व्यवस्था को जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।