छह माह बेरोजगार बैठने के बाद अनलॉक में कमाई की आस लगाए भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, मुक्तेश्वर और रामगढ़ के पर्यटन व्यवसायी अब भी सैलानियों के अभाव में मायूस हैं।
शनिवार को इन पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बेहद कम रही। भीमताल और नौकुचियाताल में पैराग्लाइडिंग संचालक खाली बैठे नजर आए। पैराग्लाइडिंग गाइड नीरज कुमार ने बताया कि सैलानियों के न आने से व्यवसाय पर असर पड़ रहा है।
भीमताल वॉटर स्पोर्ट्स संचालक लाखन नौगाई ने बताया कि सप्ताह के अंत में भी सैलानी नहीं आए। इससे एक बार फिर लॉकडाउन जैसा महसूस हुआ। डांठ में ठेला चलाने वाले मुन्ना रावत और नाव संचालक अनवर उल्ला ने भी यही बात कही। हालांकि कैंची धाम में लोग दर्शन के लिए शाम तक आते रहे।
रामनगर (नैनीताल) में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो रेंज में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने पर विचार चल रहा है। फाटो में रात्रि विश्राम की सुविधा के लिए ट्री हाउस बनाने की योजना है। विभाग इसका प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे शासन को भेजा जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को स्थानीय विधायक ने स्थलीय निरीक्षण किया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाटो रेंज कॉर्बेट के ढेला रेंज से लगा हुआ है। फाटो में पर्यटकों को रात्रि विश्राम कराने पर विचार चल रहा है। इस क्षेत्र में छह से सात ट्री हाउस बनाने का विचार है। क्षेत्र में दो कक्ष के अतिरिक्त छह कक्ष और बनने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें 30 पर्यटकों के रुकने की व्यवस्था होगी। प्रस्ताव तैयार करने के बाद शासन को भेजा जाएगा।
इस क्षेत्र के पर्यटन से जुड़ने पर स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने स्थलीय निरीक्षण किया और डीएफओ ने उन्हें इस प्रोजेक्ट के बारे में बताया। विधायक बिष्ट ने प्रस्ताव को पास कराने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।