खाद्य सुरक्षा विभाग और एफडीए विजिलेंस की टीम ने चकराता क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर दुकानों में बिना लेबल लगे मिठाई और कैंडी की आपूर्ति कर रही एक डिलीवरी वैन को पकड़ा। टीम ने मिठाइयों और कैंडी के पांच डिब्बों को मौके पर नष्ट कर दिया। वहीं, पुरोड़ी में दो रेस्टोरेंट संचालकों को किचन में सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नोटिस जारी किया।
बृहस्पतिवार को खाद्य उपायुक्त जीसी कंडवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के मद्देनजर चकराता बस स्टैंड, लांघा पोखरी और पुरोड़ी (नया चकराता) क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो रेस्टाेरेंटों के किचन में गंदगी मिली। टीम ने दोनों के संचालकों को नोटिस जारी किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पुरोड़ी में एक डिलीवरी वैन की जांच की। इस दौरान उसमें बिना लेबल लगे मिठाइयों और कैंडी के पांच डिब्बे मिले। वैन चालक ने बताया कि मिठाइयों और कन्फेक्शनरी का सामान मुजफ्फरनगर और विकासनगर से आता है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि विकासनगर में मिठाइयों और कन्फेक्शनरी की आपूर्ति करने वाले दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। टीम में एफडीए विजिलेंस से योगेंद्र सिंह नेगी, संजय नेगी आदि शामिल रहे।