साइबर ठगों ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर महिला के क्रेडिट कार्ड से 75 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। हरिद्वार रोड निवासी मंजू कठैत ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि उनके पास एक नंबर से फोन आया, जिसने खुद को एक बैंक का कर्मचारी बताया। इसके बाद फोन को हैक कर लिया और क्रेडिट कार्ड से 75 हजार रुपये निकाल लिए। उन्हें 500 रुपये और 9500 रुपये होल्ड किए जाने का मैसेज मिला। कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
-
क्रेडिट कार्ड का बिल जमा करने के नाम पर 98 हजार की ठगी
देहरादून। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड का बिल जमा करने के नाम पर 98 हजार रुपये ठग लिए। राजपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशनपुर निवासी संध्या मिश्रा ने पुलिस को शिकायत की। बताया कि उनके नंबर पर एक फोन आया, जिसने अपने आप को एक बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग से बताया और क्रेडिट कार्ड का बिल देने के लिए कहा। ऐसा न करने पर कार्ड बंद होने की बात कही। इसके बाद उसने क्रेडिट कार्ड के वार्षिक बिल में सुधार करने के लिए फोन पर कुछ जानकारी ली। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से दो बार में 98400 रुपये कट गए। उन्होंने बैंक से इसकी जानकारी की तो ठगी का पता चला। संवाद