देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के देहरादून परिसर स्थित आदर्श अध्ययन केंद्र में शुक्रवार को नवप्रवेशी शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षार्थियों को विवि की कार्यप्रणाली, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा पद्धति से संबंधित जानकारी दी गई।
प्रभारी निदेशक डॉ. सुभाष रमोला ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नए शिक्षार्थियों को विवि के शैक्षिक वातावरण और कार्यप्रणाली से परिचित कराना है ताकि वे सहजता से अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें। इस दौरान डॉ. नरेंद्र जगूड़ी ने प्रवेश और परामर्श प्रकिया, डॉ. भावना डोभाल ने परीक्षा और सत्रीय कार्यों के महत्व की जानकारी दी। सहायक क्षेत्रीय निदेशक गोविंद सिंह रावत ने अध्ययन केंद्रों से संबंधित जानकारियां साझा करते हुए शिक्षार्थियों को स्व-अध्ययन के लिए प्रेरित किया। अरविंद कोटियाल ने प्रवेश प्रकिया, कुंदन सिंह ने परामर्श सत्रों, अजय ने सत्रीय कार्य जमा करने के नियमों और बृजमोहन सिंह खाती ने परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।