खराब मौसम के कारण केंद्रीय मंत्री उमा भारती पिछले तीन दिनों से एक ही जगह पर फंसी हुईं हैं। यहां से निकलने के लिए शायद अभी उन्हें और इंतजार करना पड़ सकता है।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती तीन दिन से गुप्तकाशी में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में ठहरी हुई हैं। उन्हें केदारनाथ धाम जाना है, लेकिन खराब मौसम के कारण बीते दो दिन से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को गुप्तकाशी पहुंच गई थी। उन्हें उसी दिन केदारनाथ धाम पहुंचना था और बाबा के दर्शन कर पुनर्निर्माण कार्यो का जायजा लेना था। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को भी उस दिन धाम पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण सीएम का कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
इधर, केदारघाटी में बीते तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश और कोहरे के कारण गुप्तकाशी, शेरसी और फाटा से हेलीकॉप्टर केदारनाथ के उड़ान नहीं भर पा रहे हैं, जिस कारण केंद्रीय मंत्री को गुप्तकाशी में इंतजार करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम ठीक होने पर केंद्रीय मंत्री धाम जाएंगी।