इसके लिए उमा भारती भी धन्यवाद की पात्र हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से कहा कि उत्तराखंड में भी होटल, रेस्टोरेंट और दुकान वाले अपने यहां की गंदगी सीधे गंगा में डाल रहे हैं। ऐसे लोगों को तुरंत नोटिस जारी करें। इस पर भी न मानें तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, क्योंकि गंगा के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड को लगातार विकास योजनाओं के लिए धन उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। राज्य में चल रही नमामि गंगे और अन्य विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए दावा किया कि निर्धारित समय में सभी योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह, हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वनमंत्री डा. हरक सिंह रावत आदि ने भी विचार रखे और केंद्र सरकार को विकास के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाली सरकार बताया।
इन योजनाओं की घोषणा
केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर रोशनाबाद से बिहारीगढ़ तक बनी सड़क को राजमार्ग के रूप में विकसित करने, धनौरी से इकबालपुर तक नहर का निर्माण करने, सोलानी नदी की सफाई कराने, बाणगंगा को पुनर्जीवित करने, कनखल से बालावाली तक गंगा के तटबंध पर 35 किलोमीटर सड़क बनाने के अलावा हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये देने, हरिद्वार में आस्था पथ का निर्माण करने के साथ ही कई अन्य योजनाओं की घोषणा की।
जल्द पूरा होगा हाईवे चौड़ीकरण का काम
हरिद्वार-मुजफ्फरनगर दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुरानी निर्माण एजेंसी को काली सूची में डाल दिया गया था। अब नए टेंडर हो गए हैं। बहुत जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और बहुत जल्द राजमार्ग का चौड़ीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, सुरेश राठौर, प्रदीप बत्रा, सुरेंद्र सिंह नेगी, भरत चौधरी, निवर्तमान मेयर मनोज गर्ग, ऋषिकेश की मेयर अनिता ममगाईं, कार्यदायी संस्था वाप्कोस कंपनी के उदय राज, एनएमसी के महानिदेशक आरआर मिश्रा, आरके गुप्ता, भाजपा के जिला अध्यक्ष डा. जयपाल सिंह, संजय चतुर्वेदी, सुशील चौहान, नरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री विकास तिवारी आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार के साथ-साथ देहरादून और हल्द्वानी में भी रिंग रोड बनेगी। इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मंच से प्रस्ताव मांगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी किसी स्थान पर सड़क आदि की जरूरत हो तो उसका भी प्रस्ताव शीघ्र भेज दें, ताकि समय रहते हुए काम शुरू हो सके।
नमामि गंगे एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वे देहरादून और हल्द्वानी के लिए रिंग रोड बनाने के लिए प्रस्ताव दें, जिस पर वह शीघ्र स्वीकृति दे सकें। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के बाद देहरादून और हल्द्वानी में भी रिंग रोड बन जाएगी तो यातायात सुगम हो जाएगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न योजनाओं को हरी झड़ी देने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी विकास की सोच अतुलनीय है। सीएम ने कहा कि कहा कि शीघ्र ही रिंग रोड के प्रस्ताव तैयार कर दिए जाएंगे।