मोदी सरकार ने पेश किया महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने वाला बजट: करन माहरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने मोदी सरकार के आम बजट को दिशाहीन, प्रतिगामी, विकास अवरोधी और आम आदमी के हितों के खिलाफ महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने वाला बताया है। माहरा ने कहा कि आम बजट देश की आर्थिक वृद्धि को चोट पहुंचाने वाला है। देश के वित्त मंत्री ने बजट में आंकड़ों की बाजीगरी कर घुमाकर नाक पकड़ने का काम किया है। कोरी घोषणाओं व जुमलेबाजी वाले बजट में वित्तीय प्रबंधन का नितांत अभाव है। इस बजट से बेरोजगारी बढ़ने के साथ ही आम आदमी के सिर पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वित मंत्री की ओर से प्रस्तुत बजट के प्रावधानों से खस्ताहाल अर्थव्यवस्था में विकास दर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों की आय दोगुनी करने की बात बार-बार की जाती है, लेकिन इसका कोई प्रावधान बजट में नहीं किया गया है। एक वर्ष के अंतराल में कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों को केंद्र में रखकर गरीब खाद्यान्न योजना में एक साल की वृद्धि मात्र की गई है।
उधर, उपाध्यक्ष मथुरादत्त जोशी और मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि बजट में नया कुछ भी नहीं है। टैक्स स्लैब में बदलाव न के बराबर है। महिला, युवा, बेरोजगार, किसान, मजदूर के लिए बजट में कोई राहत नहीं दी गई है। कुल मिलाकर आम बजट में अपने उद्योगपति दोस्तों का हित साध कर आम आदमी की उपेक्षा की गई है।
केंद्र सरकार का बजट दिशाहीन : धस्माना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि बजट में महंगाई की मार झेल रहे देश के आम नागरिक को किसी प्रकार की राहत नहीं मिली और न ही बेरोजगारी को दूर करने का कोई तरीका बताया गया है। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स स्लैब में छूट भी एक धोखा है, क्योंकि जहां एक तरफ स्लैब को सात लाख तक टैक्स फ्री किया गया, वहीं चुपके से सरकार ने कई रियायतों को खत्म कर दिया।
उत्तराखंड के लिहाज से बजट निराशाजनक : महर्षि
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि उत्तराखंड के लिहाज से बजट बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बुनियादी मुद्दों को ताक पर रखकर मोदी सत्कार ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है, बजट में न तो रोजगार की बात है, न युवाओं के लिए कोई राहत है और न किसानों को राहत देने की कोई कोशिश ही की गई है।