कर्मचारी संगठनों ने बताया छलावा, काला दिवस मनाएंगे
कर्मचारी संगठनों ने यूपीएस को छलावा करार दिया है। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) ने एक अप्रैल को काला दिवस मनाने का ऐलान किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि एक अप्रैल को सभी शिक्षक, कर्मचारी काला दिवस मनाएंगे। एक मई को मजदूर दिवस पर देश की राजधानी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली होने तक देश व प्रदेश में उनका आंदोलन जारी रहेगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे ने भी एक अप्रैल से यूपीएस लागू करने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नई पेंशन योजना (एनपीएस) से आच्छादित कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन (ओपीएस) दोबारा लागू करने की मांग करते आ रहे हैं। सरकार ने राज्यकर्मियों के साथ दोबारा छलावा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल करने के बजाए एक और पेंशन योजना यूपीएस की अधिसूचना जारी कर दी है, जो कि सरासर अन्याय है। परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि परिषद इस एकीकृत पेंशन योजना का घोर विरोध करती है। क्योंकि यह राज्य कार्मिकों के हित में नहीं है।