- चिकित्सा इकाइयों में तैनात किए जाएंगे रेडियोलाॅजिस्ट व एक्सरे तकनीशियन
- डाॅ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश, छह माह में पूरा करें टारगेट
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में अल्ट्रासाउंड व एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे लोगों को ब्लॉक स्तर पर अल्ट्रासाउंड व एक्सरे की सुविधा मिल सके। विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर ब्लाॅक स्तर पर अल्ट्रासाउंड व एक्सरे मशीन स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया। इसके साथ ही रेडियोलाॅजिस्ट व एक्सरे तकनीशियनों की तैनाती की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को लगातार उच्चीकृत करने में जुटी है। प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थिति व मरीजों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड व एक्सरे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को उप जिला चिकित्सालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड व एक्सरे मशीन के लिए प्रस्ताव बनाकर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डाॅ. रावत ने बताया कि वर्तमान में सभी 95 ब्लाॅक में 84 एक्सरे मशीन व 47 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं। चमोली जिले के देवाल, घेस, नंदप्रयाग व थराली, देहरादून में चकराता व कालसी, हरिद्वार जिले के बहदराबाद, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर व नारसन में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। पौड़ी के द्वारीखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, नैनीडांडा, पाबौं व रिखणीखाल में अल्ट्रासाउंड मशीन, जबकि जयहरीखाल, खिर्सू, कोट तथा पोखड़ा में अल्ट्रासाउंड व एक्सरे दोनों मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।