सचिवालय रक्षक परीक्षा का परिणाम पांच दिन के भीतर जारी करने के बाद अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग 11 जून को वन दरोगा परीक्षा कराने जा रहा है। परीक्षा आठ जिलों के 139 केंद्रों पर होगी, जिसमें 51,961 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
आयोग के सचिव एसएस रावत ने बताया, 11 जून को होने वाली इस परीक्षा के एडमिट कार्ड पांच जून को वेबसाइट पर जारी हो जाएंगे। अभ्यर्थी अपना नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि व मोबाइल नंबर दर्ज करके एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसका प्रिंट निकाल लें।
परीक्षा केंद्र में अपनी रंगीन पासपोर्ट साइज दो फोटो, मूल आधार कार्ड या फोटोयुक्त पहचानपत्र, काला बाल प्वाइंट पेन लेकर ही परीक्षा देने आएं। इसके अलावा पेंसिल, रबर, ब्लेड, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लूटुथ आदि ले जाना प्रतिबंधित होगा।