पुलिसकर्मियोें को 4600 रुपये ग्रेड पे दिए जाने की मंाग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य सरकार और अफसरों की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया। यज्ञ के बाद पदाधिकारियों ने एलान किया कि यदि कैबिनेट बैठक में पुलिसकर्मियों को 4600 रुपये ग्रेड पे दिए जाने पर कोई फैसला नहीं हुआ तो 25 जुलाई से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि सरकार और शासन में बैठे आला अधिकारी पुलिसकर्मियों की मांगों पर टालमटोल वाला रवैया अख्तियार कर रहे हैं। इससे पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों में आक्रोश है। नरेशचंद्र बौंठियाल ने कहा कि सरकार पुलिसकर्मियों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। पार्टी नेता सुमन बडोनी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल पूरी तरह से पुलिस के जवानों के ग्रेड पे को बढ़ाने का पक्षधर है। इसको लेकर बनाई गई कमेटी यदि बीच का रास्ता निकालकर कोई छल करने की कोशिश करती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। यज्ञ में महामंत्री जयप्रकाश उपाध्याय, शांति प्रसाद भट्ट, राजेंद्र गोंसाई, सुलोचना ईष्टवाल, राजेश्वरी रावत, सरोज रावत, सविता श्रीवास्तव, मंजू देवी, हेमंत नेगी, शकुंतला रावत, समीर मुंडेपी, सुमित बुड़ाकोटी, प्रमिला रावत शामिल थे।