पुलिस इंटेलीजेंस करेगी सिक्योरिटी ऑडिट
लोक सेवा आयोग के गोपनीय व अतिगोपनीय अनुभागों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आयोग ने सिक्योरिटी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। जिसमें एडीजी इंटेलीजेंस से एक टीम गठित कर सिक्योरिटी ऑडिट के लिए आयोग में भेजने का आग्रह किया जाएगा।
नष्ट किए जाएंगे वन आरक्षी और पीसीएस मुख्य परीक्षा के पूर्व में छपे प्रश्न पत्र
वन आरक्षी परीक्षा-2022 और पीसीएस मुख्य परीक्षा-2021 के लिए आयोग की ओर से नये सिरे से प्रश्न पत्र तैयार किए जा रहे हैं। लेकिन इन परीक्षाओं के लिए पूर्व में छपे प्रश्न पत्रों व प्रश्न बैंक को आयोग ने नष्ट करने का निर्णय लिया है। इसके लिए आयोग के एक सदस्य की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इस समिति की देखरेख में पुराने प्रश्न पत्रों को नष्ट किया जाएगा।
पेपर लीक प्रकरण में संलिप्त अभ्यर्थी होंगे ब्लैक लिस्ट
पेपर लीक प्रकरण में संलिप्त अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग की ओर से ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। पटवारी लेखपाल भर्ती पेपर लीक प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी से संलिप्त अभ्यर्थियों की सूची ली जाएगी। इसके लिए एसएसपी हरिद्वार से नकल में शामिल अभ्यर्थियों की सूची मांगी जाएगी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से भी नकल में शामिल रहे अभ्यर्थियों की सूची मांगी है।