हर जिले के डीएम की निगरानी में होगी परीक्षाएं
मुख्य सचिव डॉ. संधु ने कहा कि परीक्षा का आयोजन जिला स्तर पर समग्र तौर पर जिलाधिकारी की देखरेख में किया जाएगा। आयोग के सहयोग के लिए हर जिले में नोडल अधिकारी की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आयोग की ओर से भी भविष्य में होने वाली सभी परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों में अलाउड, नोट अलाउड की पूरी लिस्ट का प्रचार, प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने आयोग की ओर से परीक्षाओं में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कोचिंग सेंटरों पर पुलिस रखेगी निगाह
मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को कोचिंग सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उनके साथ बैठक कर जानकारी दी जाए कि नकल आदि की गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य सचिव ने परीक्षाओं के पारदर्शितापूर्ण संचालन के लिए सभी जिलाधिकारियों से भी सुझाव भी मांगे। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि परीक्षाओं के आयोजन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।