आरटीआई में आपदा में घोटाले के खुलासे के बाद उत्तराखंड क्रांति दल 14 जून से व्यापक आंदोलन शुरू करने जा रहा है।
दल रविवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगा। उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी ने बुधवार को पार्टी की अगामी रणनीति का खुलासा किया। पुष्पेश ने कहा कि आपदा के बाद सरकार ने राहत और पुनर्निर्माण के काम में पीड़ितों की अनदेखी की है।
आरटीआई से हुए खुलासे पर सरकार को सीबीआई जांच बैठानी की पैरवी दल ने की है। उक्रांद केंद्रीय कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष पुष्पेश ने पत्रकार वार्ता में सरकार को जून 2013 में आई आपदा के बाद पुनर्निर्माण और राहत से जुड़ी अनियमितताओं पर घेरा।
पुष्पेष ने कहा कि आरटीआई में खुलासे के बाद आपदा राहत कार्यों के नाम पर हुई लूट की पोल खुली है और कैग के परफोर्मेंस आडिट से मामला और पुख्ता हो गया है। ऐसे में सरकार अपने स्तर पर जांच करवा मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। सरकार को इसकी जांच सीबीआई को सौंपने के लिए फैसला लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार जबतक सीबीआई जांच के आदेश नहीं करती पार्टी सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। 14 जून को राजधानी में मुख्यमंत्री आवास का घेराव होगा जबकि जनपदों पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का विरोध प्रदर्शन 17 जून तक जारी रहेगा। अगर सरकार फिर भी नहीं चेती तो नए सिरे से आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।