उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 17 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। राजधानी देहरादून की सबसे ज्यादा छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। वहीं पौड़ी की पांच और टिहर के तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। कुमाऊं समेत अन्य सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा जल्द होगी।
बुधवार को कचहरी के पास स्थित केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेष त्रिपाठी ने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि गंगोत्री, उत्तरकाशी से पूर्व आईएएस मदन सिंह कुंडरा, कर्णप्रयाग, चमोली से बलवंत सिंह नेगी और केदारनाथ, रूद्रप्रयाग से गंगाधर सेमवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।
टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर से पंकज व्यास, धनोल्टी से राकेश सेमवाल व नरेंद्र नगर से सरदार सिंह पुंडीर प्रत्याशी होंगे। पौड़ी गढ़वाल की पौड़ी (सुरक्षित) सीट से वीर प्रताप सिंह आर्य, यमकेश्वर से शांति प्रसाद भट्ट, कोटद्वार से हरीश द्विवेदी, लैंसडाउन से विक्रम सिंह रावत और चौबट्टाखाल सीट से तीरथ सिंह राही चुनाव लड़ेंगे।
देहरादून की छह सीटों पर प्रत्याशी
राजधानी देहरादून की विकासनगर सीट से दिगंबर भंडारी, मसूरी से जय प्रकाश उपाध्याय, रायपुर से अनिल डोभाल, धर्मपुर से बहादुर सिंह रावत डोईवाला से डीके पाल और ऋशिकेश से राजेंद्र गैरोला पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। पार्टी संरक्षक काशी सिंह ऐरी ने बताया कि प्रदेशभर से प्राप्त आवेदनों में से संसदीय चयन बोर्ड ने प्रत्याशियों का चयन किया है। अन्य विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
अगस्त क्रांति अभियान चलेगा
देहरादून। पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी ने बताया कि आठ अगस्त से पांच सितंबर तक प्रदेशभर में अगस्त क्रांति अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कार्यकर्ता रोजाना हर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याओं का ज्ञापन राज्यपाल व राष्ट्रपति को भेजेंगे।