जोशीमठ हेलिकॉप्टर हादसा: 12 किमी के दुर्गम पहाड़ी रास्ते से शवों को सड़क तक लाने में जुटे जवान, रेस्क्यू जारी
जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी छह लोगों के शव देर रात सेना ने अपने कब्जे में ले लिए थे। हालांकि, अंधेरा होने और घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता दुर्गम होने के कारण शवों को रात में सड़क तक नहीं लाया जा सका। इसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। निवार सुबह एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और भारतीय सेना के जवान दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। यहां से सड़क की दूरी करीब 10 से 12 किलोमीटर पैदल है। जवान दुर्गम पहाड़ी रास्ते से शवों को सड़क तक लाने में जुटे हैं। प्रशासन के अनुसार, शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में हैं, जिससे रेस्क्यू अभियान में अधिक समय लग रहा है। सुरक्षा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही हैं।
चमोली: विश्व धरोहर फूलों की घाटी आज से पर्यटकों के लिए हुई बंद, इस सीजन तोड़े पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड
विश्व धरोहर फूलों की घाटी आज से पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। इस वर्ष सीजन शुरू होने से घाटी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त होकर नया रिकॉर्ड बना है। घाटी में इस वर्ष लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ती गई और एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से वन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है। घाटी एक जून को पर्यटकों के लिए खुल गई थी और 31 अक्टूबर को बंद हो जाती है। फूलों की घाटी के वनक्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान का कहना है कि इस वर्ष घाटी में रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक पहुँचे हैं। एक जून से अब तक 35 हजार 261 पर्यटक घाटी में पहुँचे हैं। जिसमे विभाग को 6707500 का राजस्व प्राप्त हो चुका है।
श्रीनगर: सीएम धामी का कांग्रेस पर निशाना, बोले-पहले अपने शासनकाल का हिसाब दें, युवाओं के साथ किया खिलवाड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीनगर में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा से सवाल कर रही है, लेकिन उसे पहले अपने शासनकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में उत्तराखंड में नकल माफिया का खेल चलता था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कथित न्याय यात्रा लगातार मिल रही चुनावी हार से उपजी हताशा और बौखलाहट का परिणाम है। यह न्याय की नहीं, बल्कि राजनीतिक अस्तित्व बचाने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
मसूरी: पहाड़ों की रानी में दिखा कुदरत का अद्भुत नजारा, विंटर लाइन की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए सैलानी
पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों सूर्यास्त के समय आसमान में प्रकृति के खूबसूरत रंग देखने को मिल रहे हैं। क्षितिज पर नजर आ रही विंटर लाइन की रंगीन पट्टी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए सैलानी कुछ पल ठहर रहे हैं और कैमरों व मोबाइल में तस्वीरें कैद कर रहे हैं। हर साल दिखाई देने वाली विंटर लाइन मसूरी की खास पहचान है, जो यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। मसूरी में विंटर लाइन का अद्भुत नजारा पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। सूर्यास्त के समय दून घाटी के आसमान में उभरती रंगों की अनूठी छटा देखने के लिए पर्यटक माल रोड पर ठहर रहे हैं। यह प्राकृतिक घटना सामान्यतः नवंबर से फरवरी के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक दिखाई देती है।