उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट पर वायुसेना का बड़ा अभ्यास, 17 नवंबर को पैरा कमांडो की लैंडिंग की तैयारी
चीन सीमा के नजदीक स्थित सामरिक रूप से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना का नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास चल रहा है। 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभ्यास 21 नवंबर तक जारी रहेगा। अभ्यास के दौरान 17 नवंबर को पैरा कमांडो जवानों की लैंडिंग प्रस्तावित है। इसके लिए वायुसेना के अधिकारी तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा आपातकालीन परिस्थितियों, सैन्य अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बेहद उपयोगी माना जाता है। चीन सीमा से नजदीकी के चलते भी इस हवाई अड्डे का रणनीतिक महत्व बढ़ जाता है। यही वजह है कि सेना और वायुसेना यहां समय-समय पर अभ्यास कर अपनी परिचालन तैयारियों का जायजा लेती रहती हैं।
गौचर मेला: सीएम धामी की बड़ी घोषणा, सिमली अस्पताल पर बनेगी समिति, मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र को प्रस्ताव
सिमली महिला अस्पताल को मेडीकल कालेज बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही सिमली अस्पताल वाले मामले में जल्द समिति गठित की जाएगी। यह घोषणाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय ओद्योगिक सांस्कृतिक एवं विकास मेले के उद्घाटन अवसर पर की। सीएम धामी ने कहा कि यह मेला पीएम नरेंद्र मोदी के वोकल फॉल लोकल की थीम को धरातल पर उतारता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेले को उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह मेला वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था। अब यह औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी पहचान बना चुका है।